धनौती गांव में पसरा मातम
छत्तीसगढ़ सड़क दुर्घटना में सीआरपीएफ जवान समेत चार की मौत, धनौती गांव में पसरा मातम
सुखपुरा (बलिया)।
थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनौती निवासी सीआरपीएफ जवान राजकुमार गोड (30) की छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे में उनके साथ चार अन्य जवानों की भी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज रायपुर के जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही धनौती गांव में शोक की लहर दौड़ गई और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह सीआरपीएफ की बटालियन के जवान छत्तीसगढ़ के धमतरी से एक निजी वाहन द्वारा स्टेशन की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि पहाड़ी रास्ते पर वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है।घटना की सूचना सबसे पहले मृतक की पत्नी पूजा को फोन पर मिली, जो इस समय अपने मायके बांसडीह थाना क्षेत्र के मैरीटार गांव में रह रही हैं। सूचना मिलते ही वह बेसुध होकर रोने लगीं। उनके साथ तीन माह का पुत्र और पांच वर्ष की पुत्री भी हैं। इसके बाद मृतक के पिता समशेर गोड को धनौती गांव में इस दुर्घटना की जानकारी दी गई। जैसे ही परिजनों को घटना का पता चला, घर में कोहराम मच गया। माता शिवकुमारी और पिता के रुदन से माहौल गमगीन हो उठा। रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच गए।स्थानीय लोगों ने घटना की पुष्टि के लिए छत्तीसगढ़ में मौजूद सीआरपीएफ अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों ने बताया कि सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव धनौती लाया जाएगा। गांव में जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।राजकुमार गोड की असमय मृत्यु से गांव में शोक और गर्व का मिला-जुला माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने देश सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की मांग की है।



0 Comments