सुखपुरा में रोमांचक फाइनल: पडरौना ने पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड को हराया
सुखपुरा (बलिया)।
संत यतीनाथ मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल मैच पडरौना और झारखंड की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें कड़े संघर्ष के बाद पडरौना ने पेनाल्टी शूटआउट में जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। पूरे मैच के दौरान दर्शकों में उत्साह चरम पर रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
मैच का शुभारंभ भाजपा नेत्री डॉ. सुषमा शेखर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ मुकाबला खेलने की शुभकामनाएं दीं।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 12वें मिनट में पडरौना के अकरम ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद झारखंड की टीम ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए। दूसरे हाफ के पांचवें मिनट में झारखंड के तेसरींग ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद मुकाबला और भी रोमांचक हो गया। 25वें मिनट में झारखंड के इआकर ने एक और गोल कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। हालांकि पडरौना की टीम ने हार नहीं मानी और कुछ ही मिनट बाद हैरी ने गोल दागकर मुकाबला 2-2 से बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
निर्णायक मंडल द्वारा इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। पहले पांच-पांच पेनाल्टी शॉट लिए गए, लेकिन दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद एक-एक कर तीन बार पेनाल्टी शॉट लिए गए। तीसरे मौके पर झारखंड का गोलकीपर गेंद रोकने में विफल रहा, जबकि पडरौना के गोलकीपर ने शानदार बचाव किया। इस प्रकार पडरौना ने मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
पडरौना के गोलकीपर को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि झारखंड के सूरज को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब मिला। समापन अवसर पर बेरुआरबारी के ब्लॉक प्रमुख भोला सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उद्घोषक की भूमिका राणा सिंह मटेलू ने निभाई। मैच के रेफरी अमल कुंवर, राजू राय और अजीत सिंह रहे।
इस रोमांचक मुकाबले ने खेल प्रेमियों को अंत तक बांधे रखा और टूर्नामेंट का शानदार समापन हुआ।



0 Comments