सिकंदरपुर में अज्ञात शव की हुई शिनाख्त, पोस्टमार्टम जारी
स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार को सुबह लगभग 10:00 बजे आदर्श नगर पंचायत बजाज एजेंसी के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर तस्वीर प्रसारित किए जाने के बाद उसकी शिनाख्त हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सिकंदरपुर क्षेत्र के खरीद गांव निवासी लगभग 30 वर्षीय कमलेश यादव के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि कमलेश मंगलवार को दोपहर करीब 3:00 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। बुधवार को शव मिलने की सूचना के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और फोटो के आधार पर उसकी पहचान की।मृतक के पिता कल्लू यादव ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि कमलेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा नशे का सेवन करता था और परिवार के लोग उसे कई बार समझाने-बुझाने का प्रयास कर चुके थे, लेकिन वह नशे की आदत नहीं छोड़ सका। पिता ने आशंका व्यक्त की है कि नशे की लत के कारण ही उसके साथ कोई अप्रिय घटना घटित हुई होगी।घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज अश्वनी कुमार मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। शुक्रवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों का भी निरीक्षण किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।


0 Comments