क्रीड़ा प्रतियोगिता

 क्रीड़ा प्रतियोगिता 

जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में नगरा ओवरऑल चैंपियन

मनियर दूसरे और गड़वार तीसरे स्थान पर

भाजपा जिलाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

बलिया। 


बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में शिक्षा क्षेत्र नगरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को आयोजित समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। नगरा ने कुल 61 अंक अर्जित कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि 47 अंकों के साथ मनियर दूसरे और 45 अंकों के साथ गड़वार तीसरे स्थान पर रहा।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना अत्यंत सराहनीय रही। उन्होंने सरकार की खेल प्रोत्साहन योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों से निकल रही प्रतिभाएं भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राथमिक लोकगीत प्रतियोगिता में बेलहरी के प्राथमिक विद्यालय नंदपुर ने प्रथम, गड़वार के शेरवा कलां ने द्वितीय और नवानगर के भांटी विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूहगान में भी नंदपुर की टीम विजेता रही। उच्च प्राथमिक बालक लोकगीत में नवानगर के कंपोजिट विद्यालय ने प्रथम स्थान पाया।

खेल स्पर्धाओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्राथमिक बालिका कबड्डी फाइनल में रेवती ने बैरिया को 8-3 से हराकर खिताब जीता। उच्च प्राथमिक बालिका कबड्डी में भी रेवती ने बेलहरी को 17-13 से पराजित किया। खो-खो प्रतियोगिता के उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में हनुमानगंज विजेता रहा, जबकि उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग में नगरा ने जीत दर्ज की। प्राथमिक खो-खो के दोनों वर्गों में गड़वार विजेता और पंदह उपविजेता रहा।

एथलेटिक्स में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्राथमिक बालक 50 मीटर दौड़ में नगरा के शिवम यादव ने स्वर्ण पदक जीता। 100 मीटर में मनियर के रेहान प्रथम रहे। बालिका वर्ग में मनियर की किंजल ने 50 व 100 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता। 200 और 400 मीटर दौड़ में दुबहड़ की निधि का शानदार प्रदर्शन रहा। उच्च प्राथमिक वर्ग में भी मनियर, नगरा और बेलहरी के खिलाड़ियों ने पदक जीते।

दोपहर में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने भी स्टेडियम पहुंचकर विजेताओं को सम्मानित किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और निर्णायकों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में व्यायाम शिक्षकों, खेल अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन में खेल भावना और उत्साह का माहौल बना रहा।

Post a Comment

0 Comments