मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा
227 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से चयनित कुल 227 जोड़ों का विवाह इस सामूहिक कार्यक्रम में संपन्न कराया जाएगा। यह आयोजन न केवल सामाजिक समरसता का प्रतीक है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लाभार्थियों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पंडाल, मंच, कुर्सियों की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं नगर निकाय को साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
भोजन व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही विवाह उपहार, वस्त्र, मंगलसूत्र, बर्तन और अन्य सामग्री की पैकेजिंग व वितरण की प्रक्रिया भी सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस विभाग को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। प्रवेश और निकास मार्गों पर भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सरकार की एक महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी योजना है। इस कार्यक्रम को पूरी गरिमा, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्हें सौंपे गए दायित्वों को समय से पूर्ण करने का आश्वासन दिया।


0 Comments