डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

 महाशिवरात्रि व रमजान को लेकर गड़वार थाने में पीस कमेटी की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

गड़वार (बलिया)।

स्थानीय थाना परिसर में आगामी महाशिवरात्रि एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर थानाध्यक्ष हितेश कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिक, पूजन समिति के सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

थानाध्यक्ष हितेश कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर परंपरागत रूप से झांकी और जुलूस निकाले जा सकते हैं, लेकिन जुलूस केवल बैंड-बाजे के साथ ही निकाला जाएगा। डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जुलूस और झांकी पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाली जाएगी। किसी भी नए मार्ग का चयन नहीं किया जाएगा। जुलूस के दौरान नशे का सेवन पूरी तरह वर्जित रहेगा। यदि कोई व्यक्ति अराजकता फैलाने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों तथा हिंदू-मुस्लिम समुदाय के गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और दोनों पर्वों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने सभी से शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments