इंस्पेक्टर मूलचंद चौरसिया को किया गया सम्मानित
सकुशल संपन्न हुई शिव बारात, इंस्पेक्टर मूलचंद चौरसिया को किया गया सम्मानित
सम्मान समारोह के दौरान अध्यक्ष मनोज कुमार मोदनवाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन की सतर्कता, सक्रियता और कुशल नेतृत्व के कारण ही शिव बारात का जुलूस निर्धारित समय पर प्रारंभ हुआ और नियत समय पर शांतिपूर्वक समापन भी हो सका। उन्होंने विशेष रूप से इंस्पेक्टर मूलचंद चौरसिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी देखरेख में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे श्रद्धालुओं और नगरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
उन्होंने यह भी बताया कि शिव बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, झांकियां, बैंड-बाजे तथा विभिन्न सांस्कृतिक दल शामिल हुए थे। दूर-दराज क्षेत्रों से आए पुलिस कर्मियों ने भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई। कमेटी की ओर से सभी पुलिसकर्मियों के प्रति तहे दिल से धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
गणेश प्रसाद सोनी ‘बबलू मास्टर’ ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सफलता में प्रशासन और समाज दोनों की संयुक्त भूमिका होती है। इस वर्ष भी प्रशासन का पूरा सहयोग मिला, जिससे आयोजन गरिमामय और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार प्रशासन का सहयोग मिलता रहेगा तो शिव बारात और भी भव्य रूप में आयोजित की जाएगी।
इंस्पेक्टर मूलचंद चौरसिया ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे नगरवासियों, कमेटी सदस्यों और पुलिस टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सदैव जनसुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना है तथा आगे भी हर धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। पूरे क्षेत्र में सौहार्द और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।



0 Comments