भूमि विवाद में लेखपाल की तहरीर पर दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज बलिया।

 भूमि विवाद में लेखपाल की तहरीर पर दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बलिया। 


जनपद के बिल्थरारोड तहसील क्षेत्र अंतर्गत अतरौल चक मिलकान गांव में चल रहे भूमि विवाद के मामले ने तूल पकड़ लिया है। प्रकरण में लेखपाल की तहरीर पर उभांव थाना में दो नामजद तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतरौल चक मिलकान गांव निवासी रामनयन यादव ने बताया कि लगभग आठ माह पूर्व उन्होंने अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक भूखंड की खरीदारी की थी। उनका कहना है कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण करने से पूर्व उन्होंने भूमि पर कब्जा ले लिया था तथा बाद में विधिवत रजिस्ट्री कराई, जिसके सभी दस्तावेज उनके पास सुरक्षित हैं। बीते दो माह से वह उक्त भूमि पर मेड़बंदी कर स्थायी पिलर लगवा रहे थे तथा टिन शेड डालकर गौशाला का निर्माण करा रहे थे।

इसी दौरान आसपास के भूस्वामियों के बीच भूमि बंटवारे को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। बताया जाता है कि पूर्व में भी दूसरे पक्ष द्वारा डायल 112 पर सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। बुधवार को मामला बढ़ता देख नायब तहसीलदार रोशन सिंह राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है।

वहीं लेखपाल राहुल कुमार शुक्ल ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि रामनयन यादव, मिठाई यादव तथा एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा दूसरे की भूमि पर कब्जा किया जा रहा था। जब राजस्व टीम ने कार्य रुकवाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने नायब तहसीलदार के साथ दुर्व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।

लेखपाल की तहरीर के आधार पर उभांव थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध कब्जेदारी या सरकारी कार्य में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments