खेल महोत्सव का धूमधाम से समापन
एपेक्स स्कूल, बभनौली में वार्षिक खेल महोत्सव का धूमधाम से समापन
गड़वार (बलिया):
गड़वार क्षेत्र के बभनौली ग्राम स्थित एपेक्स स्कूल में 17 फरवरी से आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव का समापन गुरुवार को बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कई दिनों तक चले इस खेल आयोजन में विद्यालय के सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।
खेल महोत्सव के दौरान बकेट बॉल, फ्रॉग जंप, स्पून रेस, चॉकलेट रेस, खो-खो, कबड्डी, क्रिकेट, इन-आउट तथा स्लो साइकिल रेस सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न सदनों के बीच हुए मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। कबड्डी बालिका वर्ग के जूनियर, मिडिल एवं सीनियर सेक्शन में क्रमशः यमुना सदन, गंगा सदन और सरस्वती सदन की टीम विजेता रही। वहीं बालक वर्ग के जूनियर, मिडिल तथा सीनियर सेक्शन में क्रमशः सरस्वती सदन, गंगा सदन और यमुना सदन की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
क्रिकेट प्रतियोगिता में सीनियर सेक्शन में सरस्वती सदन तथा जूनियर सेक्शन में नर्मदा सदन की टीम ने शानदार खेल दिखाया। फाइनल मुकाबले में यमुना सदन और सरस्वती सदन को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। खो-खो प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में नर्मदा सदन की टीम ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए फाइनल मैच में विजय प्राप्त की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अवधेश तिवारी (पूर्व प्रवक्ता, भगत सिंह इंटर कॉलेज, रसड़ा) रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुई। विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर धनंजय उपाध्याय एवं उप प्रधानाचार्य नरेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर कक्षा नौवीं की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक तथा ट्रॉफी प्रदान की गई। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मुख्य अतिथि अवधेश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल और अनुशासन एक-दूसरे के पूरक हैं। खेल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा जीवन में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
अंत में उप प्रधानाचार्य नरेंद्र प्रताप सिंह ने खेल महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।




0 Comments