गड़वार में भव्य शिव बारात, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

 गड़वार में भव्य शिव बारात, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

गड़वार (बलिया)। 


स्थानीय कस्बा के बाजार स्थित शिव शक्ति मंदिर से महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कमेटी के तत्वावधान में भगवान शिव की भव्य एवं आकर्षक बारात निकाली गई। गाजे-बाजे, डीजे बैंड, घोड़े, गोंडऊ नृत्य, डफरा, मृदंग और तासों की थाप पर निकली शिव बारात ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई यह बारात मुख्य बाजार से होती हुई हनुमान गढ़ी तिराहा पहुंची, जहां से गांव में प्रवेश कर पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। इसके बाद बारात थाना चौराहा होते हुए बभनौली गांव गई और पुनः वापस लौटकर मंदिर परिसर में विधिवत संपन्न हुई।

बारात में भगवान शिव, ब्रह्मा, विष्णु, गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती, नारद, राधा-कृष्ण, हनुमान, शिवगण एवं भूत-प्रेत आदि के स्वरूप में सजे छोटे बच्चों का अद्भुत दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों की सजीव झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह लोग बारात का स्वागत करते नजर आए। गांव की महिलाओं ने अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर बारातियों का अभिनंदन किया, जिससे वातावरण पूरी तरह से श्रद्धा और उल्लास से भर गया।

शिव बारात के दौरान सुरक्षा की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल के जवान जगह-जगह तैनात रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। विभिन्न समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालु भक्तों एवं बारातियों के लिए जगह-जगह जलपान एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। ठंडाई, शरबत और मिठाइयों का वितरण किया गया, जिससे भक्तों को विशेष सुविधा मिली।

इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी भी शिव बारात में सम्मिलित होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में शामिल हुए। उनकी उपस्थिति से कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया।

उधर क्षेत्र के कोटवां गांव में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर आकर्षक शिव बारात निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। इस प्रकार गड़वार एवं आसपास के क्षेत्रों में महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया।

Post a Comment

0 Comments