सड़क हादसा
बलिया(राष्ट्र की संपत्ति)
जनपद के गड़वार–फेफना मार्ग पर मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा चांदपुर चट्टी के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पंदह गांव निवासी 38 वर्षीय प्रमोद कुमार राय और 51 वर्षीय अनंत राय गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर जुट गए।सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे बाइक को संभलने का मौका नहीं मिला।
इधर, एक ही गांव के दो लोगों की मौत की खबर से पंदह गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments