मैराथन, हजारों धावकों ने दिखाई दमखम

 मैराथन, हजारों धावकों ने दिखाई दमखम

इथियोपिया के फिरोनिशा ने जीती फुल मैराथन, हजारों धावकों ने दिखाई दमखम

बलिया(राष्ट्र की संपत्ति)

 द्वाबा के मालवीय कहे जाने वाले पूर्व विधायक बाबू मैनेजर सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य मैराथन प्रतियोगिता में देश-विदेश के धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 42.195 किमी की फुल मैराथन में अफ्रीकी देश इथियोपिया के धावक फिरोनिशा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने निर्धारित दूरी महज़ 2 घंटे 8 मिनट में पूरी कर सभी को प्रभावित किया। मुजफ्फरनगर के अक्षय कुमार दूसरे तथा दिल्ली के अमरेश प्रजापति तीसरे स्थान पर रहे।21 किमी की हाफ मैराथन में वाराणसी के पंकज कुमार ने बाजी मारी, जबकि अयोध्या के प्रिंस राज यादव दूसरे और आगरा के मनीष सिंह तीसरे स्थान पर रहे। 10 किमी दौड़ में प्रिंस राज मिश्र प्रथम, वाराणसी के आशीष पाल द्वितीय तथा बलिया के राकेश वर्मा तृतीय रहे। वहीं 5 किमी दौड़ में वाराणसी की सोनी ने पहला स्थान, लक्ष्मी चौहान ने दूसरा तथा रूबी पाल ने तीसरा स्थान हासिल किया।

फुल मैराथन विजेता फिरोनिशा को खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने 2.25 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। द्वितीय स्थान पर आए अक्षय कुमार को 1.25 लाख और तृतीय स्थान प्राप्त अमरेश प्रजापति को 75 हजार रुपये दिए गए। अन्य श्रेणियों में भी आकर्षक नकद पुरस्कार वितरित किए गए। सभी वर्गों में 50वें स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।मैराथन का शुभारंभ सुबह 8 बजे वीर लोरिक स्टेडियम से मंत्रीद्वय गिरीश चंद्र यादव और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। फुल मैराथन का समापन बैरिया स्थित बाबू मैनेजर सिंह की प्रतिमा स्थल पर हुआ। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम सुदिष्टपुरी स्थित सुदिष्ट बाबा स्कूल में आयोजित किया गया।मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यह आयोजन पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है और भविष्य में इसे और भव्य बनाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि बलिया के हर ब्लॉक में स्टेडियम बनाया जाएगा तथा प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि जिले में खेल और विकास से जुड़े कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से 70 वर्षीय धावक चंद्रभान सिंह और कक्षा तीन के छात्र कार्तिक राजभर को 50-50 हजार रुपये देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। बाबू मैनेजर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब एक हजार धावकों ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र खेलमय माहौल में रंगा नजर आया।

Post a Comment

0 Comments