MAK एकेडमी में खेलकूद समापन व स्व. वीरेंद्र सिंह की पुण्यतिथि पर प्रतिमा अनावरण
विद्यालय में चल रही खेलकूद प्रतियोगिताओं का आज अंतिम दिन था। समापन समारोह का उद्घाटन माननीय सुरेश सिंह जी (भाजपा नेता) द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार की खेल गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को माननीय ओम प्रकाश भारती जी, पूर्व जिला अध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी, के हाथों पुरस्कार वितरित किए गए। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत और लगन से ही सफलता प्राप्त होती है। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे समारोह को जीवंत बना दिया।
दूसरा कार्यक्रम स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं उनकी प्रतिमा के अनावरण का था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भावुक वातावरण देखने को मिला। प्रतिमा का अनावरण बलिया के लोकप्रिय एमएलसी आदरणीय रविशंकर सिंह ‘पप्पू भैया’ को करना था, लेकिन किसी आवश्यक कारणवश वे बाहर होने के कारण समारोह में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर प्रतिमा का अनावरण किया।
अनावरण से पूर्व विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार किया गया, जिसके बाद श्रद्धापूर्वक प्रतिमा से आवरण हटाया गया। उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर स्व. वीरेंद्र सिंह जी को श्रद्धांजलि दी और उनके समाजसेवी व प्रेरणादायी व्यक्तित्व को याद किया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यालय परिवार में गर्व और भावनात्मक एकता का वातावरण देखने को मिला।




0 Comments