टकरसन गांव में मकान तोड़ने का आरोप, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर

 टकरसन गांव में मकान तोड़ने का आरोप, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर


बलिया(राष्ट्र की संपत्ति)



बांसडीहरोड क्षेत्र के टकरसन गांव में कथित रूप से मकान तोड़कर अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। अपने पुश्तैनी मकान को जेसीबी से ध्वस्त किए जाने की शिकायत लेकर पीड़ित महिला थाने पहुंची और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीपरपांती निवासी विजयलक्ष्मी मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि टकरसन गांव में कांशीराम आवास के समीप उनका पुश्तैनी मकान स्थित है। आरोप है कि गांव के ही सोमारु यादव व अनिल यादव ने रविवार को जेसीबी लगाकर उनके मकान को तुड़वा दिया। महिला के अनुसार जब उन्हें मकान तोड़े जाने की सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचीं, जहां जेसीबी से उनका मकान गिराया जा रहा था। विरोध करने पर आरोपितों ने उक्त मकान को अपना बताया।

पीड़िता ने बताया कि मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मकान तोड़ने का कार्य रुकवाया गया। हालांकि तब तक पूरा मकान ध्वस्त हो चुका था और अंदर रखा घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। इसके बाद पीड़ित महिला थाने पहुंची और लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि अवैध कब्जा करने वालों को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है, जिस कारण वे खुलेआम जेसीबी से मकान गिराने का दुस्साहस कर सके। पीड़िता ने मांग की है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।

वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि जांच के अनुसार आवेदिका के ससुर द्वारा उक्त भूमि का पूर्व में विक्रय किया जा चुका है। यादव पक्ष के लोग अपनी खरीदी गई भूमि का समतलीकरण करा रहे थे। थानाध्यक्ष के अनुसार महिला की शिकायत प्रथम दृष्टया निराधार प्रतीत हो रही है, फिर भी पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments