शिव मंदिरों में चोरी से मचा हड़कंप, शिवलिंग व आभूषण उड़ा ले गए चोर
सुखपुरा में शिव मंदिरों में चोरी से मचा हड़कंप, शिवलिंग व आभूषण उड़ा ले गए चोर
सुखपुरा कस्बा स्थित प्रसिद्ध बुढ़वा शिव मंदिर समेत दो शिवालयों में रविवार की रात हुई सनसनीखेज चोरी से क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है। चोरों ने बुढ़वा शिव मंदिर में स्थापित शिवलिंग को ही खोदकर निकाल लिया, जिस पर करीब तीन किलो चांदी का पत्तर लगा था। इसके साथ ही अरघा और नाग देवता पर चढ़ी चांदी भी चोरी कर ली गई। इतना ही नहीं, उसी मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने के आभूषण—नथिया, चूड़ी, कुंडल समेत अन्य श्रृंगार सामग्री—भी चोर आराम से उठा ले गए। घटना की जानकारी सोमवार तड़के तब हुई, जब मंदिर के पुजारी प्रभु नाथ उपाध्याय रोज की तरह सुबह साढ़े तीन बजे साफ-सफाई के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शिवलिंग गायब है और मंदिर में भारी तोड़फोड़ के निशान हैं। इसके बाद उन्होंने तत्काल प्रभारी निरीक्षक सुखपुरा सुशील कुमार दुबे को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए जांच शुरू कर दी।
इसी रात पूर्व प्रधान शिवदान सिंह के घर के समीप स्थित एक अन्य शिव मंदिर का भी ताला तोड़कर चोर दानपेटिका उठा ले गए। सुबह शौच के लिए गई महिलाओं ने खेत में टूटी हुई दानपेटिका देखी, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डा. ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर तथा क्षेत्राधिकारी उस्मान ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया है। पुलिस कुछ संदिग्ध घुमक्कड़ जातियों के लोगों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है। लगातार मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में भारी रोष है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और मंदिरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी।


0 Comments