विशेष बूथ दिवस पर मतदाता जागरूकता अभियान तेज
25 जनवरी को विशेष बूथ दिवस पर मतदाता जागरूकता अभियान तेज
बलिया (राष्ट्र की संपत्ति)
जनपद में लोकतंत्र को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष बूथ दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सभी अर्ह नागरिकों से अपने मताधिकार को सुनिश्चित करने की अपील की गई है। प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रह जाए, इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान में सभी राजनैतिक दलों के सम्मानित प्रतिनिधिगण, पत्रकार बंधु, बूथ लेवल एजेंट (BLA), समाजसेवी, तथा संबंधित विभागों के अधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। विशेष रूप से AERO, खंड विकास अधिकारी, और शिक्षा विभाग के अधिकारी—नवानगर, पन्दह एवं मनियर क्षेत्र में तैनात कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को बूथ तक पहुँचने के लिए प्रेरित करें। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि जिन नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपना नाम दर्ज कराएं। खासकर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। युवाओं से अपील की गई है कि वे फॉर्म-6 भरकर, आवश्यक घोषणा पत्र के साथ जमा करें, ताकि वे आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।बूथों पर बीएलओ (Booth Level Officer) उपस्थित रहेंगे, जो मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने, या अन्य त्रुटियों को सुधारने में सहयोग करेंगे। नागरिक अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे आयु प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र साथ लेकर आएं, जिससे प्रक्रिया सरल और शीघ्र पूरी हो सके।लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत होती है। इसलिए सभी नागरिकों से अपील है कि वे स्वयं भी बूथ पर जाएं और अपने परिवार, पड़ोस तथा समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। एक जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होता है।


0 Comments