प्रतिभाओं को मिला सम्मान
ए.एस.एम. कॉन्वेंट स्कूल, सुखपुरा में 17वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, प्रतिभाओं को मिला सम्मान
सुखपुरा (बलिया)।
A.S.M. Convent School में आयोजित पंच दिवसीय 17वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की भारी उपस्थिति रही।
विद्यालय के पूर्व प्रबंधक स्व. आनंद सिंह पिंटू ने प्रत्येक वर्ष खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करने का संकल्प लिया था। उनका उद्देश्य जमीनी स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना, खेलों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना और ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना था। वर्तमान में विद्यालय परिवार उनकी परिकल्पना को साकार करता दिखाई दे रहा है।
प्रतियोगिता के दौरान फ्रॉग जम्प, टॉफी रेस, पीम-पाम बॉल, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, मैथ रेस, स्पून-पोटैटो रेस, नीडल-थ्रेड रेस, म्यूजिकल चेयर, शॉट-पुट, डिस्कस थ्रो, खो-खो, मार्च-पास्ट तथा रिले रेस जैसी विविध स्पर्धाएं आयोजित की गईं। छात्रों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
पदक तालिका में शिवाजी हाउस ने 20 गोल्ड, 30 सिल्वर और 31 ब्रांज मेडल प्राप्त किए। सरदार भगत सिंह हाउस को 29 गोल्ड, 26 सिल्वर और 25 ब्रांज मेडल मिले। मंगल पांडेय हाउस ने 28 गोल्ड, 21 सिल्वर और 31 ब्रांज मेडल अर्जित किए, जबकि रानी लक्ष्मीबाई हाउस को 25 गोल्ड, 24 सिल्वर और 13 ब्रांज मेडल प्राप्त हुए। खो-खो प्रतियोगिता में बालक वर्ग से मंगल पांडेय हाउस तथा बालिका वर्ग से शिवाजी हाउस विजयी रहा। रिले रेस में सरदार भगत सिंह हाउस प्रथम, मंगल पांडेय हाउस द्वितीय और रानी लक्ष्मीबाई हाउस तृतीय स्थान पर रहे।
समापन समारोह में वरिष्ठ शिक्षक हरेराम सिंह ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं को क्षेत्रीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। प्रधानाचार्य अजीत कुमार पांडेय ने कहा कि खेलों के माध्यम से न केवल प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान होती है, बल्कि एक स्वस्थ एवं अनुशासित समाज के निर्माण में भी मदद मिलती है।
विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह ने खेलों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास का सशक्त माध्यम बताया। वहीं प्रबंधक उर्मिला सिंह ने सभी प्रतिभागियों एवं पदक विजेताओं को बधाई देते हुए आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






0 Comments