पैसे के विवाद में किन्नर रेखा की गला दबाकर हत्या, आरोपी रवि ने की आत्महत्या
जनपद के बैरिया क्षेत्र में पांच दिन पहले हुए किन्नर रेखा हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में रवि गुप्ता ने 62 वर्षीय किन्नर रेखा की गला दबाकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शव को घर की छत पर बने स्टोर रूम में बक्से में छिपा दिया और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।भरत छपरा निवासी रेखा 17 फरवरी की दोपहर अचानक लापता हो गई थीं। शाम को उनका मोबाइल एक खेत से बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। इसी बीच 19 फरवरी को रानीगंज बाजार निवासी रवि गुप्ता की लाश उसके कमरे में फंदे से लटकती मिली। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने घर की तलाशी ली तो छत पर रखे बक्से से किन्नर रेखा का शव बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने रवि गुप्ता (मृतक), उसके पिता विजय गुप्ता, पत्नी मोना और याची रीता के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।पुलिस के मुताबिक रवि गुप्ता पहले मोबाइल और सिम कार्ड की दुकान चलाता था, लेकिन आमदनी कम होने के कारण उसने कारोबार बदल दिया। उसने डेयरी का व्यवसाय शुरू करने के लिए किन्नर रेखा से करीब पांच लाख रुपये उधार लिए थे। रेखा का क्षेत्र में कई लोगों से लेनदेन था और जरूरतमंदों की आर्थिक मदद के लिए वह जानी जाती थीं। डेयरी व्यवसाय में भी घाटा होने लगा तो रवि आर्थिक दबाव में आ गया। इसी बीच रेखा ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। 17 फरवरी को दुकान पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद रवि ने अपने पिता को बैंक का काम बताकर दुकान पर बुलाया और खुद घर चला गया। रेखा भी उसके पीछे घर पहुंच गईं। वहां पैसों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि रवि ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। शव को छिपाने के बाद उसने रेखा का मोबाइल खेत में फेंक दिया।
सीओ बैरिया मो. फहीम कुरैशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या की वजह पांच से छह लाख रुपये का लेनदेन था। पुलिस ने रेखा के कमरे की तलाशी में करीब 5.50 लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के करीब 30-30 आभूषण बरामद किए हैं, जिन्हें उनके शिष्य को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।




0 Comments