दिव्यांग मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
योगी नाथ इंटर कॉलेज, जमुई में दिव्यांग मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
बलिया(राष्ट्र की संपत्ति)
सर्व सेवा संस्थान, नवरतनपुर, नवानगर द्वारा जनपद के योगी नाथ इंटर कॉलेज, जमुई में ‘दिव्यांग मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला निर्वाचन अधिकारी, बलिया के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उपस्थित दिव्यांगजनों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, त्रुटि सुधार, पते में संशोधन तथा नए मतदाता के रूप में पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा दिव्यांग मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुगम एवं सुलभ मतदान सुविधाओं पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने “सशक्त दिव्यांग – सशक्त लोकतंत्र” का संदेश देते हुए कहा कि हर नागरिक का मत लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझा। प्रतिभागियों ने यह संकल्प भी लिया कि वे अपने आसपास के दिव्यांगजनों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदान के प्रति जागरूक करने में सहयोग करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का संकल्प लिया। इस पहल को स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर ममता प्रजापति सिंधराज, रिमांशु कुशवाहा, अरविन्द्र, प्रिंस तथा डी.एड विशेष शिक्षा (श्रवण बाधिता एवं बौद्धिक अक्षमता) के छात्र उपस्थित रहे।


0 Comments