चखना दुकानदार की गोली मारकर हत्या

 चखना दुकानदार की  गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी


बलिया(राष्ट्र की संपत्ति)

 बलिया के नगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर चट्टी के पास बुधवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक चखना बेचने वाले दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना 25 दिसंबर की रात्रि लगभग 9:45 बजे की है। मृतक की पहचान संतोष सिंह उर्फ बागी (48) पुत्र राम अवध सिंह निवासी ग्राम बेलसड़ी, थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। संतोष सिंह राघोपुर चट्टी से लगभग एक किलोमीटर नगरा रोड पर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के बगल में चखना की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष सिंह रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान शेखनपुर निवासी गोलू सिंह पुत्र अज्ञात अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और अचानक पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग में संतोष सिंह के सिर और पेट में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल संतोष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर थाना स्थानीय की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए गए। मृतक के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय द्वारा संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है कि यह घटना आपसी रंजिश, लेन-देन या किसी अन्य विवाद के चलते हुई है। सभी पहलुओं पर बारीकी से छानबीन की जा रही है।

पुलिस ने मृतक का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस, जिला अस्पताल बलिया भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।अपर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments