करम्बर गांव में आयोजित हुआ हिंदू सम्मेल

 करम्बर गांव में आयोजित हुआ हिंदू सम्मेलन, सामाजिक एकता पर दिया गया जोर


सुखपुरा (बलिया)।


 विकासखंड बेरूआरबारी के ग्राम सभा करम्बर में गुरुवार को हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और कार्यक्रम पूरी तरह अनुशासित व उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हरनाम जी ने अपने संबोधन में हिंदू समाज की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों और सामाजिक समस्याओं की ओर लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित होकर बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा, संस्कार, आपसी भाईचारे और सामाजिक जिम्मेदारियों को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि यदि हम सब मिलकर संकल्प लें, तो समाज को और बेहतर बनाया जा सकता है।


सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि पतरु राम जी एवं संत राजू दास जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने हिंदू समाज को एकजुट रहने, सामाजिक समरसता बनाए रखने और युवा पीढ़ी को सही दिशा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और लोगों में सकारात्मक सोच का विकास होता है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता ओंकार सिंह ने की, जबकि संचालन अजय सिंह अधिवक्ता द्वारा किया गया। सम्मेलन में अशोक सिंह, हरीश सिंह, अतुल शुक्ला, गुड्डू यादव, कलिंदर शुक्ल, राकेश सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


अंत में आयोजकों द्वारा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया। सम्मेलन से क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और एकता का संदेश गया।

Post a Comment

0 Comments