महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर चितबड़ागांव पुलिस सक्रिय, मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत चलाया जागरूकता अभियान
उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार 07 दिसंबर 2025 को थाना चितबड़ागांव पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक बलिया के निर्देश पर एसआई मनोज कुमार, महिला कांस्टेबल सरिता तथा होमगार्ड पुरन देवी की टीम ने रेलवे क्रॉसिंग मोड़ तथा आस-पास के क्षेत्रों में भ्रमण कर महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
टीम ने उपस्थित बच्चियों और महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की कठिन परिस्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि धैर्य, विवेक और संयम से काम लें। पुलिस द्वारा उन्हें आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय भी समझाए गए। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबर—डायल 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 1076 (महिला हेल्पडेस्क), 102 एवं 108 (स्वास्थ्य आपात सेवा)—की जानकारी विस्तार से देते हुए इनके माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित बहुआयामी योजनाओं तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी देकर उन्हें इनके उचित उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया। साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक पर क्लिक करने से होने वाले जोखिमों पर विशेष रूप से सचेत किया गया। पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक प्राप्त हो तो उसे अनदेखा करें और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सूचना दें।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मविश्वास से भरना और उन्हें तकनीकी और कानूनी रूप से सक्षम बनाना था, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में खुद को सुरक्षित रखते हुए समय पर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें। पुलिस टीम के जागरूकता प्रयासों से महिलाओं और बच्चियों में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया।


0 Comments