चितबड़ागांव पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान,
मिशन शक्ति के तहत चितबड़ागांव पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, बालिकाओं को किया जागरूक
बलिया
पुलिस अधीक्षक बलिया के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत चितबड़ागांव थाना पुलिस ने शुक्रवार को धर्मापुर चौराहा क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व उप निरीक्षक शकील अहमद एवं महिला कांस्टेबल सरिता पटेल ने पुलिस टीम के साथ किया।
अभियान के दौरान टीम ने क्षेत्र की बालिकाओं व महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा आवश्यक समाधान संबंधी सुझाव दिए। पुलिस टीम ने प्रतिभागियों को यूपी सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराएँ नहीं, बल्कि धैर्य और संयम रखते हुए तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112, 1076, 1090, 102 और 108 पर मदद लें।
कार्यक्रम में बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। टीम ने बालिकाओं को अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल या संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं व बच्चियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक करना और पुलिस सहायता को प्रभावी रूप से उपलब्ध कराना है।



0 Comments