दहेज हत्या के दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

दहेज हत्या के दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

चार माह पहले हुई थी विवाहिता गीता की शादी, एक जुलाई को हुई थी संदिग्ध मौत


रसड़ा (बलिया)। मुड़ेरा गांव में हुई विवाहिता की दहेज हत्या के मामले में रसड़ा पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मृतका का पति प्रिंस कन्नौजिया और ससुर अशोक कन्नौजिया शामिल हैं। दोनों को उनके घर के पास से दबोचा गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद चालान कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत असावर गांव निवासी चंद्रभान कन्नौजिया की बहन गीता की शादी लगभग चार माह पूर्व मुड़ेरा गांव निवासी प्रिंस कन्नौजिया के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा था।

एक जुलाई की शाम गीता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गांववालों से सूचना मिलने पर मायका पक्ष मुड़ेरा पहुंचा, जहां परिजनों ने गीता की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मृतका के भाई चंद्रभान कन्नौजिया की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को एसआई देवी प्रसाद मिश्र, सिपाही आलोक सिंह और इंद्रजीत यादव के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में निकले थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद हैं। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मुड़ेरा गांव स्थित उनके घर के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस शेष वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई है

Post a Comment

0 Comments