मनरेगा बचाओ संग्राम को धार देने के लिए ओमप्रकाश पाण्डेय बने बलिया के कोऑर्डिनेटर
सुखपुरा (बलिया)।
प्रदेश में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को बचाने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” को प्रत्येक जनपद में जोरदार ढंग से संचालित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पाण्डेय को बलिया जनपद का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं, खासकर युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि मनरेगा देश के गरीब, मजदूर और बेरोजगारों के लिए जीवन रेखा साबित हुआ है। यह कानून वर्ष 2005 में यूपीए सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर लागू किया गया था। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारों को उनके गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने की गारंटी दी गई थी। साथ ही यदि निर्धारित समय में रोजगार नहीं मिलता है तो बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा के ढांचे को कमजोर किया जा रहा है। मजदूरी भुगतान में देरी, काम के दिनों में कटौती और बजट में कमी जैसे कदमों से इस जनकल्याणकारी कानून को तहस-नहस करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” चलाने का निर्णय लिया है, ताकि गांव-गांव जाकर जनता, विशेषकर माताओं-बहनों और मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।
ओमप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि कोऑर्डिनेटर के रूप में उनकी जिम्मेदारी होगी कि वे गरीबी गलियारे के गांवों में पहुंचकर मनरेगा कानून की मूल भावना, इसके अधिकार और लाभों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। साथ ही भाजपा सरकार की नीतियों से मनरेगा को हो रहे नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उनकी नियुक्ति पर बलिया जनपद में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर नौजवानों में उत्साह देखा जा रहा है। बधाई देने वालों में अवध बिहारी चौबे, राघवेंद्र प्रताप सिंह, दिग्विजय सिंह, शशिकांत त्रिपाठी, यतेन्द्र बहादुर सिंह, सच्चिदानंद तिवारी, उमा शंकर पाठक, बृजेश सिंह गाट, संतोष गोयल, पं. जनार्दन उपाध्याय, राजेश सिंह, विनोद सिंह, विशाल चौरसिया, वीरेंद्र कुंवर, अरुण यादव, अतिउल्लाह खान, शंकर शरण, मदन यादव, दीनबंधु यादव, आशुतोष पाण्डेय, प्रदीप तिवारी, प्रताप जायसवाल, हृदयानंद पाण्डेय, अतुल प्रकाश यादव, दीपक सिंह, राशिद कमाल, विपिन पाण्डेय सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शुभकामनाएं दीं।




0 Comments