ग्रामीण पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत कड़ी,
ग्रामीण पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत कड़ी, फेफना में ग्रापए के क्षेत्रीय कार्यालय का हुआ उद्घाटन
ग्रामीण पत्रकार पत्रकारिता के प्रमुख आधार स्तंभ हैं, जो गांव-समाज की जमीनी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही उनके समाधान में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाकर जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देते हैं। उक्त बातें ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार ने रविवार को फेफना बाजार में संगठन की तहसील इकाई सदर बलिया के क्षेत्रीय कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर कहीं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार ने कहा कि फेफना जैसे प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र में ग्रापए का क्षेत्रीय कार्यालय खुलना संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे ग्रामीण पत्रकारों को एक साझा मंच मिलेगा और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण पत्रकार एकजुटता का परिचय देते हुए गांवों की समस्याओं, सामाजिक कुरीतियों और जनहित के मुद्दों पर अपनी लेखनी के माध्यम से निरंतर आवाज उठाते रहेंगे।
उन्होंने संगठन के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन संख्या बल के आधार पर उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा पत्रकार संगठन है, जो वर्षों से ग्रामीण पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए सतत संघर्ष कर रहा है। सौरभ कुमार ने गर्व के साथ कहा कि यह वही धरती है, जहां ग्रापए के गठन को लेकर पहली बैठक हुई थी। आज यह संगठन एक वटवृक्ष का रूप धारण कर चुका है, जिसकी शाखाएं प्रदेश के कोने-कोने तक फैली हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार, क्षत्रिय महासभा के प्रदेश महासचिव राज सिंह, तारकेश्वर सिंह, जनार्दन सिंह तथा उप निरीक्षक गुरुप्रसाद सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने ग्रामीण पत्रकारों की भूमिका को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. ओपी यादव, प्रभुनाथ पहलवान, राजेश गुप्ता, धनेश पाण्डेय, समीर सिंह, मनोज सिंह, नवीन कुमार गुप्ता, रणजीत सिंह, हरेंद्र यादव, श्यामजीत कुशवाहा, प्रभाकर सिंह, कन्हैया वर्मा, किसान मिश्रा, सुग्रीव शर्मा, भैया मुन्ना बहादुर, अनिल सिंह, पवन यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्यामजी शर्मा ने की, जबकि संचालन छोटेलाल चौधरी ने किया। अंत में अभिजीत कुमार सिंह ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उद्घाटन समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और क्षेत्रीय पत्रकारिता को नई दिशा देने का संकल्प लिया गया।



0 Comments