घाघरा पार अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 85 हजार लीटर लहन व 18 भट्ठियां नष्ट
मनियर (बलिया)।
जनपद में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण व मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनियर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के कुशल निर्देशन में चल रहे सघन चेकिंग व छापेमारी अभियान के क्रम में घाघरा नदी के पार थाना मनियर क्षेत्र एवं बिहार बॉर्डर से सटे इलाकों में व्यापक कार्रवाई की गई।
यह अभियान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के निर्देशन में तथा थानाध्यक्ष मनियर कौशल कुमार पाठक के कुशल नेतृत्व में चलाया गया। थाना मनियर पुलिस टीम ने घाघरा नदी के उस पार दुर्गम व वन क्षेत्र में छापेमारी करते हुए अवैध कच्ची देशी शराब के निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में सामग्री बरामद की।
पुलिस टीम ने मौके से शराब बनाने के उपकरण, लहन, नौसादर, फिटकिरी समेत अन्य सामग्री को नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान लगभग 85,000 लीटर लहन नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत काफी अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही अवैध शराब बनाने की 18 भट्ठियों को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस के अनुसार यह भट्ठियां लंबे समय से सक्रिय थीं और इनके माध्यम से अवैध कच्ची शराब का निर्माण कर उसे आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था।
हालांकि छापेमारी के दौरान मौके पर कोई भी शराब बनाने वाला व्यक्ति पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पुलिस का मानना है कि टीम की सक्रियता की भनक लगते ही शराब तस्कर और निर्माण में लिप्त लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा संबंधित स्थानों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
थानाध्यक्ष मनियर कौशल कुमार पाठक ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ थाना स्तर पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है।




0 Comments