इंक्रेडिबल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह
सिकंदरपुर (बलिया)।
इंक्रेडिबल पब्लिक स्कूल, लिलकर, सिकंदरपुर में 77वाँ गणतंत्र दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। पूरा विद्यालय तिरंगे रंगों से सजा हुआ था और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री संजय यादव जी (पूर्व विधायक एवं पूर्व भाजपा अध्यक्ष, बलिया) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में चौकी प्रभारी सिकंदरपुर श्री अश्वनी मिश्रा जी, सब-इंस्पेक्टर श्री दिनेश सिंह जी तथा सब-इंस्पेक्टर श्री जगदीश पाल जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के अध्यक्ष श्री धनंजय मिश्रा, प्रबंधक श्री अजय कुमार मिश्रा, प्रधानाचार्य श्री राघवेंद्र त्रिपाठी, उप-प्रधानाचार्य श्री राजेश कुमार तिवारी एवं श्री योगेश तिवारी द्वारा पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक श्री अजय कुमार मिश्रा जी द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके पश्चात अध्यक्ष श्री धनंजय मिश्रा जी एवं प्रधानाचार्य श्री राघवेंद्र त्रिपाठी जी ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।
प्रतिभा सम्मान समारोह के अंतर्गत सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025 में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा सिल्वर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि श्री संजय यादव जी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
विद्यालय के प्रबंधक श्री अजय कुमार मिश्रा जी ने अपने संबोधन में बताया कि विद्यालय के लगभग 40 कक्षों में डिजिटल पैनल लगाए जा चुके हैं और लैंग्वेज लैब पूरी तरह संचालित है। साथ ही बाल वाटिका के नन्हे विद्यार्थियों के लिए अलग परिसर और अलग परिवहन व्यवस्था की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, राष्ट्रप्रेम पर आधारित नाटक, संविधान और राष्ट्रीय एकता पर पिरामिड प्रस्तुति, भाषण एवं कविताओं के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। अभिभावक और अतिथि बच्चों की प्रस्तुतियों से भावविभोर दिखाई दिए।
विद्यालय के अध्यक्ष धन्नजय मिश्र ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानाचार्य श्री राघवेंद्र त्रिपाठी जी ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक एवं कर्मचारियों के परिश्रम की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन दिलीप कुमार वर्मा, राजशेखर राज, स्वीटी पाण्डेय एवं श्री दयानंद चौहान ने किया। सफल आयोजन में मीडिया प्रभारी प्रज्वल राय, सांस्कृतिक समन्वयक प्रिया वर्मा, नीतू मिश्रा, आंचल दुबे सहित समस्त स्टाफ का योगदान सराहनीय रहा। समारोह का समापन अध्यक्ष श्री धनंजय मिश्रा जी के समापन उद्बोधन के साथ हुआ।


0 Comments