सुखपुरा में शिवलिंग चोरी के खुलासे पर लोगों में असंतोष, 27
सुखपुरा में शिवलिंग चोरी के खुलासे पर लोगों में असंतोष, 27 जनवरी से धरना प्रदर्शन की चेतावनी
सुखपुरा के प्राचीन बुढ़वा शिव मंदिर से पिछले दिनों हुए शिवलिंग चोरी के मामले में पुलिस द्वारा किए गए खुलासे से क्षेत्रीय जनता संतुष्ट नहीं है। इसके विरोध में रविवार को ग्राम पंचायत सुखपुरा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों की एक आवश्यक बैठक मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई, जिसमें आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में मौजूद लोगों ने पुलिस के खुलासे पर गहरी नाराज़गी जताते हुए कहा कि शिवलिंग की बरामदगी जनता की पहली और सबसे महत्वपूर्ण मांग है। बैठक में यह स्पष्ट रूप से तय किया गया कि पहले से निर्धारित धार्मिक आयोजनों—जल यात्रा, पूजा-पाठ, रुद्राभिषेक तथा 25 जनवरी को होने वाले वृहद भंडारे—का आयोजन पूर्व निर्धारित समय अनुसार ही किया जाएगा।जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने निर्णय लिया कि यदि 24 जनवरी तक शिवलिंग की बरामदगी नहीं होती है, तो 25 जनवरी की दोपहर बाद जनपद के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद भी संतोषजनक कार्रवाई न होने पर 27 जनवरी से शहीद स्मारक पर विशाल धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि उनकी धार्मिक आस्था से जुड़े इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में बृजनाथ सिंह, रविंद्र नाथ उपाध्याय, प्रमोद सिंह, पुण्यदेव उपाध्याय, उमेश सिंह, राकेश सिंह, रोहित सिंह, समरेंद्र सिंह, मनीष सिंह, बबुआ जी, अमित सिंह, बसंत सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक शिवलिंग की बरामदगी नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।


0 Comments