विराट हिन्दू सम्मेलन व समरसता सहभोज

विराट हिन्दू सम्मेलन व समरसता सहभोज

गड़वार (बलिया)

जंगली बाबा धाम में संघ स्थापना शताब्दी पर विराट हिन्दू सम्मेलन व समरसता सहभोज

गड़वार स्थित जंगली बाबा धाम परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विराट हिंदू सम्मेलन एवं समरसता सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत के सद्भाव प्रमुख जितेंद्र मिश्रा ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म के मूल्यों को बढ़ावा देना और समाज में हिंदू एकजुटता को सुदृढ़ करना रहा।

अपने संबोधन में जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि व्यक्ति का मूल्यांकन जाति, भाषा या संपत्ति के आधार पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने सामाजिक समरसता के लिए भेदभाव मिटाने पर बल दिया। समाज में बढ़ रही विद्वेष की भावना और युवाओं में बढ़ते कुविचारों पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि संघ अपने स्थापना काल से ही संपूर्ण हिंदू समाज को एकजुट करने के लिए कार्यरत है।

उन्होंने परिवार, समाज और राष्ट्र को मजबूत करने के क्रम में आत्म-संयम, नैतिक मूल्यों और संस्कारों पर जोर दिया। मिश्रा ने कहा कि भारत की संस्कृति दुनिया को जोड़ने वाली है और इसी दृष्टि से संघ जन-जन में जागृति लाने का कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव उपाध्याय, खंड संघ चालक मुक्तेश्वर पांडेय, सतीश उपाध्याय, धनंजय सिंह, विजय प्रकाश वर्मा, टुनटुन उपाध्याय, सुनील उपाध्याय, मनोज मिश्रा, संजय गुप्ता, शंभू वर्मा, धनशेर वर्मा, जयप्रकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में समरसता सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी समुदायों एवं वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। आयोजकों ने इसे सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक बताया

Post a Comment

0 Comments