कान्वेंट स्कूल के बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी

 कान्वेंट स्कूल के बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी

वीर बाल दिवस पर सुखपुरा पब्लिक कान्वेंट स्कूल के बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी

सुखपुरा /बलिया (राष्ट्र की संपत्ति)


वीर बाल दिवस के अवसर पर बुधवार को सुखपुरा पब्लिक कान्वेंट स्कूल के बच्चों द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी को भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रमोद सिंह बुच्चू ने विद्यालय प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति, साहस और बलिदान की भावना को जागृत करना रहा।

प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से निकलकर बलिया–सिकंदरपुर मुख्य मार्ग से होते हुए शहीद स्मारक पहुंची, जहां बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीद जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद प्रभात फेरी पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर बच्चों के हाथों में देशभक्ति से ओत-प्रोत नारे लिखी तख्तियां थीं। तख्तियों पर “उम्र थी कच्ची, मगर उनके फौलादी इरादे थे, दशमेश पिता के वो, वीर शहजादे थे”, “न आंखों में भय था, न माथे पर कोई शिकन थी, नसों में बहती जिनके गुरुधर्म की तपन थी” जैसे प्रेरणादायी संदेश लिखे थे, जिन्होंने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रमोद सिंह के साथ प्रवीण सिंह, कृष्णकांत, कृष्णानंद सिंह, हृदया नंद यादव, गीता गुप्ता, आशीष सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को देश के वीर सपूतों के बलिदान और गौरवशाली इतिहास की प्रेरणा मिलती है।

Post a Comment

0 Comments