तेज रफ्तार पिकअप ने शिक्षक की जान ले ली,

 तेज रफ्तार पिकअप ने शिक्षक की जान ले ली, 

तेज रफ्तार पिकअप ने शिक्षक की जान ले ली, परिवार में मचा कोहराम



सिकंदरपुर, बलिया।






रविवार देर शाम सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के जलालीपुर चट्टी पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। मनियर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी, जिससे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।



मृतक की पहचान प्राथमिक विद्यालय एकईल नंबर–3 में तैनात सहायक अध्यापक राजेश कुमार यादव (45) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजेश कुमार यादव अपनी बाइक से सिकंदरपुर की ओर आ रहे थे, तभी जलालीपुर चट्टी के पास सामने से आ रही पिकअप वाहन ने अचानक तेज गति में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिक्षक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायल शिक्षक को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर फैली, अस्पताल परिसर में शोक का माहौल छा गया। सूचना मिलने पर सिकंदरपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और चालक की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


राजेश कुमार यादव सिकंदरपुर कस्बे में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से घर में कोहराम मचा हुआ है।


शिक्षक की मौत की खबर सुनते ही शिक्षा विभाग से जुड़े लोग, सहकर्मी और परिचित अस्पताल व उनके आवास पर पहुंचने लगे। सभी ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। लोग दिवंगत शिक्षक को एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments