भलूही गांव से तीन पशुओं की चोरी

भलूही गांव से तीन पशुओं की चोरी

 भलूही गांव से तीन पशुओं की चोरी, पीड़िता ने पहले आए संदिग्धों पर जताई शंका

सुखपुरा (बलिया)।



 थाना क्षेत्र के भलूही गांव में शनिवार की रात पशु चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक घर से दो भैंस और एक पाड़ा चोरी कर लिया। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब पशु मालिक भैंसों को चारा देने के लिए मड़ई के अंदर पहुंची। मड़ई के अंदर दोनों भैंस और पाड़ा न पाकर घर में अफरा-तफरी मच गई।

पीड़िता प्रियंका राजभर ने बताया कि रात में पशु मड़ई में सुरक्षित बंधे हुए थे। सुबह जब वह पशुओं को बाहर निकालने गईं तो तीनों पशु गायब थे। चोरी की आशंका होते ही उन्होंने तत्काल पीआरबी (पुलिस रिस्पांस बाइक) को सूचना दी। सूचना मिलने पर सौ नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और गांव व आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन पशुओं का कोई सुराग नहीं लग सका।

इसके बाद पीड़िता ने सुखपुरा थाने में लिखित तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। तहरीर में प्रियंका राजभर ने एक महत्वपूर्ण तथ्य का उल्लेख करते हुए बताया कि घटना से दो दिन पूर्व दो अज्ञात व्यक्ति बाइक से उनके घर आए थे। वे लोग एक पड़िया लेकर आए थे और उनसे कह रहे थे कि यह पड़िया ले लो और इसके बदले पाड़ा दे दो। प्रियंका ने बताया कि पड़िया अच्छी नस्ल की नहीं थी, इसलिए उन्होंने इस प्रस्ताव को साफ मना कर दिया था।

पीड़िता ने यह भी लिखा है कि उन्हीं संदिग्ध व्यक्तियों ने बाद में फोन के माध्यम से भी संपर्क किया था। उस मोबाइल नंबर को उन्होंने पुलिस को उपलब्ध करा दिया है। प्रियंका राजभर को आशंका है कि उन्हीं लोगों द्वारा इस चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार दूबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्धों की पहचान के लिए दिए गए मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पशुओं की बरामदगी के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से कार्रवाई करेगी।

गांव में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments