ट्रेलर की चपेट में आने से पत्नी की मौके पर मौत, पति गंभीर रूप से घायल

 नवानगर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आने से पत्नी की मौके पर मौत, पति गंभीर रूप से घायल

बलिया(राष्ट्र की संपत्ति)


सिकंदरपुर  थाना क्षेत्र के नवानगर चट्टी के समीप सोमवार की देर शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा सिकन्दरपुर निवासी प्रमोद बरनवाल (52) अपनी पत्नी पूनम देवी (48) के साथ बाइक से लार रोड स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। बताया जाता है कि प्रमोद बरनवाल अपने ससुराल क्षेत्र में कबाड़ी की दुकान चलाते हैं और रोजमर्रा के काम से अक्सर वहीं आना-जाना करते थे। सोमवार की देर शाम भी वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से ससुराल की ओर निकले थे।

जैसे ही दंपती नवानगर चट्टी के पास पहुंचे, उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर ने बाइक को धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में पूनम देवी सड़क पर गिर पड़ीं और पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पति प्रमोद बरनवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल प्रमोद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि फरार चालक का सुराग लगाया जा सके।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर में मातम का माहौल है और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और फरार ट्रेलर चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments