ठंड को देखते हुए कोतवाल का पैदल गश्त, दुकानदारों से की संवाद
कड़ाके की ठंड और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कोतवाली सिकंदरपुर के कोतवाल द्वारा आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में मंगलवार की शाम पैदल गश्त की गई। इस दौरान कोतवाल अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ नगर के प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण करते नजर आए। पैदल गश्त का उद्देश्य न सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना था, बल्कि ठंड के मौसम में बढ़ने वाली चोरी, छिनैती एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना भी रहा।
गश्त के दौरान कोतवाल ने दुकानदारों से सीधे संवाद किया और उन्हें सुरक्षा से जुड़े आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने दुकानों को समय पर बंद करने, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की। साथ ही ठंड के कारण रात में अलाव जलाने, बुजुर्गों व जरूरतमंदों की मदद करने जैसे सामाजिक संदेश भी दिए गए।
दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। उनका कहना है कि पैदल गश्त से न केवल अपराधियों में भय का माहौल बनता है, बल्कि आम लोगों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ता है। पुलिस की सक्रियता से बाजार क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में काफी मदद मिलेगी।



0 Comments