मंडप में दूल्हे का इंतजार करती रही दुल्हन

 

मंडप में दूल्हे का इंतजार करती रही दुल्हन, तभी पहुंच गई पहली पत्नी—पुलिस पूरी रात दूल्हे को खोजती रह गई

बलिया(राष्ट्र की संपत्ति)

दोकटी थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को होने वाली शादी उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा में बदल गई जब मंडप में दूल्हा पहुँचा ही नहीं और अचानक उसकी पहली पत्नी अपने वकील व पुलिस के साथ विवाह स्थल पर पहुँच गई। पहली पत्नी ने दावा किया कि दूल्हे ने उससे कोर्ट मैरिज की थी और अब बिना तलाक के दूसरी शादी करने जा रहा था। इस खुलासे से विवाह स्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस दूल्हे की तलाश में जुटी रही, लेकिन वह फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, बैरिया थाना क्षेत्र के भुआलछपरा गांव निवासी राजेश पाण्डेय पुत्र राजगोपाल पाण्डेय की शादी दोकटी क्षेत्र की एक युवती से तय थी। शुक्रवार को निर्धारित मुहूर्त के अनुसार दुल्हन पक्ष तैयारियों में लगा हुआ था। दुल्हन अपने परिजनों के साथ विवाह स्थल पर पहुँच चुकी थी और दूल्हे के आने का इंतजार कर रही थी। बारात आने का समय गुजरता गया, लेकिन दूल्हे का कहीं अता-पता नहीं था।

इसी दौरान घटनास्थल पर उस समय सनसनी फैल गई जब झारखंड राज्य के खरसांवा जिला निवासी लक्ष्मी, जो खुद को दूल्हे की पहली पत्नी बता रही थी, अपने अधिवक्ता और दोकटी पुलिस के साथ स्थल पर पहुँच गई। लक्ष्मी ने बताया कि उसकी राजेश से कोर्ट मैरिज को 10 वर्ष बीत चुके हैं। उसने कहा कि राजेश ने उससे बलिया की अदालत में तलाक का मुकदमा दायर किया था, लेकिन मुकदमा लंबित रहते हुए ही वह दूसरी शादी रचाने की तैयारी कर रहा था।

लक्ष्मी के अनुसार, “फेसबुक के जरिए मुझे उसकी दूसरी शादी की जानकारी मिली। तुरंत मैं उसके गांव पहुँची, लेकिन घर पर ताला लगा मिला। लोगों से पता चला कि वह लालगंज के एक लाज में शादी कर रहा है। मैंने पुलिस को सूचना दी और पुलिस के साथ यहां पहुँच गई।”


जैसे ही यह खबर फैली, मौके पर सैकड़ों की भीड़ जुट गई। हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पहली पत्नी और उसके वकील को सुरक्षा हेतु लालगंज चौकी ले जाया। उधर, दुल्हन पक्ष स्तब्ध रह गया और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। लोग दूल्हे के इस कथित कृत्य को छल और धोखाधड़ी बताते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

दुल्हन पक्ष के लोगों ने कहा कि शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी और दूल्हे की इस हरकत से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुँची है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है और फरार दूल्हे की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे विवाह संबंधी धोखाधड़ी का मामला मानते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। विवाह स्थल से लेकर दूल्हे के गांव तक इस प्रकरण को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और तथ्य जुटाने के बाद आवश्यक वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments