इंक्रेडिबल पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया क्रिसमस डे

 इंक्रेडिबल पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया क्रिसमस डे

सिकंदरपुर (बलिया)।



 क्षेत्र के लीलकर स्थित इंक्रेडिबल पब्लिक स्कूल में बुधवार को क्रिसमस डे बड़े ही हर्ष, उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव और आनंद की अनुभूति हो रही थी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं स्वागत गीत के साथ की गई।

विद्यालय द्वारा आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य और गीत विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें देखकर उपस्थित शिक्षकगण एवं अभिभावक भाव-विभोर हो उठे। कई बच्चे सांता क्लॉज की वेशभूषा में नजर आए, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में खुशियों की लहर दौड़ गई।

कार्यक्रम के दौरान सांता क्लॉज बने बच्चों ने अपने सहपाठियों को मिठाइयाँ वितरित कीं तथा सभी को क्रिसमस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। बच्चों में इस दौरान विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिला। कार्यक्रम ने न केवल बच्चों का मनोरंजन किया, बल्कि उनमें आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना को भी मजबूत किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राघवेंद्र त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि क्रिसमस का पर्व प्रेम, सेवा और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं तथा उनमें नैतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करते हैं। उन्होंने सभी बच्चों को क्रिसमस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष श्री धनंजय मिश्रा, प्रबंधक श्री अजय कुमार मिश्रा, उप-प्रधानाचार्य श्री राजेश कुमार तिवारी, श्री योगेश तिवारी सहित शिक्षकगण श्री प्रज्वल राय, श्री तनमन राय आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं प्रिया वर्मा एवं आंचल दुबे का विशेष योगदान रहा।

अंत में सभी बच्चों एवं उपस्थितजनों को क्रिसमस की शुभकामनाएँ देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

Post a Comment

0 Comments