कड़ाके की ठंड में सिकंदरपुर तहसील प्रशासन की सराहनीय पहल, गरीबों को मिल रही राहत

 कड़ाके की ठंड में सिकंदरपुर तहसील प्रशासन की सराहनीय पहल, गरीबों को मिल रही राहत


सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की संपत्ति)


 कड़ाके की ठंड के बीच सिकंदरपुर तहसील प्रशासन आमजन, विशेषकर गरीब, असहाय एवं निराश्रित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार सराहनीय कदम उठा रहा है। तहसीलदार देवेंद्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में ठंड से बचाव हेतु व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड के कारण परेशान न हो। तहसीलदार देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि तहसील क्षेत्र में कुल 17 चिन्हित स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलाए जा रहे हैं। इन अलावों से न केवल गरीब और बेसहारा लोगों को राहत मिल रही है, बल्कि देर रात तक आवागमन करने वाले राहगीरों को भी ठंड से बचाव में सहायता मिल रही है। प्रशासन द्वारा अलाव व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। ठंड से बचाव के लिए तहसील प्रशासन द्वारा कंबल वितरण अभियान भी चलाया गया है। अब तक लगभग 800 कंबलों का वितरण किया जा चुका है। ये कंबल आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय, वृद्ध एवं निराश्रित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए गए हैं। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दे रहा है।नगर क्षेत्र में प्रशासन द्वारा दो रैन बसेरों का भी संचालन किया जा रहा है। इन रैन बसेरों में रुकने की सुविधा के साथ-साथ स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों को साफ-सुथरा वातावरण, पानी एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे सर्द रातें सुरक्षित और आराम से बिता सकें।

तहसीलदार देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने आमजन से मानवीय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को भी कोई गरीब, असहाय या निराश्रित व्यक्ति ठंड से परेशान अवस्था में दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत तहसील प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उसकी मदद की जा सके। प्रशासन की इस मानवीय पहल की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है। कड़ाके की ठंड में सिकंदरपुर तहसील प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता निश्चित रूप से जरूरतमंदों के लिए राहत का संबल बन रही है।

Post a Comment

0 Comments