मिशन शक्ति फेज–5.0 के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

चितबड़ागांव (बलिया)।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के अंतर्गत शनिवार को थाना चितबड़ागांव क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आज दिनांक 27 दिसंबर 2025 को किया गया, जिसमें SI संदीप कुमार, महिला कांस्टेबल प्रिया सिंह एवं पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, उनके संवैधानिक अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके प्रति होने वाले अपराधों पर रोक लगाना तथा उन्हें निर्भीक होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आने को प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया, जिससे वे लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

महिला पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 108, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 तथा पुलिस आपातकालीन सेवा 112 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इनके उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना झिझक इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।