बलिया के महिला व दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल

 बलिया के महिला व दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बलिया के महिला व दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल

सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की संपत्ति)।
यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बलिया जनपद के सिकंदरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरुषोत्तम पत्ती निवासी 36 वर्षीय उषा देवी पत्नी अमरजीत यादव अपने दो मासूम बच्चों के साथ गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार उषा देवी अपने बच्चों यश और अर्पित के साथ एक यात्री बस में सवार होकर यात्रा कर रही थीं। बताया गया कि वे सोमवार शाम करीब 4 बजे गोरखपुर से बस में बैठी थीं। देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक बस का भीषण एक्सीडेंट हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने से बस में रखा यात्रियों का लगभग सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे में उषा देवी और उनके दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और एक्सप्रेसवे पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उषा देवी और उनके दोनों बच्चों को बलदेव स्थित बलवंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला और दोनों बच्चों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, हालांकि चिकित्सकों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी घायलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और हर संभव चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उषा देवी के पति अमरजीत यादव भी सूचना पाकर तुरंत अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, ग्राम पुरुषोत्तम पत्ती में भी इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता और बेहतर इलाज की मांग की है।

इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बस चालक, वाहन की स्थिति और हादसे के पीछे की वजहों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आगे के इलाज की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर यमुना एक्सप्रेसवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद यदि ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे दर्दनाक घटनाएं आगे भी लोगों की जान पर भारी पड़ सकती हैं।

Post a Comment

0 Comments