अवैध गतिविधियों पर कसा शिकंजा

 

अवैध गतिविधियों पर कसा शिकंजा

सिकंदरपुर में प्रशासन का बड़ा एक्शन: बाजारों में SDM–CO की छापेमारी, अवैध गतिविधियों पर कसा शिकंजा


सिकंदरपुर (बलिया)। 




शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार एवं क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार के नेतृत्व में सघन रूटिंग चेक अभियान चलाया गया।


इस विशेष अभियान के अंतर्गत मालदा बाजार, कठौड़ा, बंसी बाजार सहित क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक प्रमुख बाजारों में औचक निरीक्षण किया गया। अभियान में थाना अध्यक्ष सिकंदरपुर मूलचंद चौरसिया, चौकी प्रभारी मालदा नीरज कुमार यादव सहित दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल रहे। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकानों के अंदर रखे गए सामानों की बारीकी से जांच की और संभावित अवैध गतिविधियों की गंभीरता से पड़ताल की।


टीम द्वारा कई दुकानों में करीब एक-एक घंटे तक रहकर दस्तावेजों की भी जांच की गई। बिना लाइसेंस संचालित दुकानों, संदिग्ध स्टॉक और नियम विरुद्ध सामग्री पर विशेष नजर रखी गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री, जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजारों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। वहीं आम नागरिकों ने प्रशासन की इस सख्ती की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और व्यापारिक माहौल स्वच्छ रहेगा।


एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी ने संयुक्त रूप से बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण और रूटिंग चेक अभियान निरंतर जारी रहेंगे। उनका कहना था कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की मजबूती प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है

Post a Comment

0 Comments