सुखपुरा (बलिया): संदिग्ध परिस्थिति में युवक का मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
थाना क्षेत्र के बैसहां चट्टी पर स्थित विद्युत सब स्टेशन सुखपुरा के समीप शुक्रवार दोपहर बाद एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही सुखपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक की पहचान भूपेंद्र सिंह उर्फ मंटू (46 वर्ष) पुत्र कृष्ण मोहन सिंह निवासी देवड़ीह, थाना बांसडीह कोतवाली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक दो दिन पहले ही ललीता देवी पत्नी स्व. कृष्ण कुमार गुप्ता के मकान में किराए पर रहने आए थे।
शुक्रवार सुबह मृतक की पत्नी माया सिंह, जो उस समय अपने मायके खेजुरी में थीं, को किसी व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष सुशील कुमार दुबे ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम और वीडियोग्राफी टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा कि, “अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, तत्पश्चात विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



0 Comments