संघ शताब्दी वर्ष पर स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन
सुखपुरा (बलिया)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर बेरूआरबारी खंड के स्वयंसेवकों द्वारा संपूर्ण गणवेष में भव्य पथ संचलन आयोजित किया गया। यह संचलन ब्लॉक मुख्यालय के विभिन्न मार्गों से होते हुए ब्लॉक परिसर में आकर सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के क्षेत्र प्रचारक प्रमुख राजेंद्र जी, खंड संचालक विजय मिश्रा तथा जिला प्रचारक अखिलेश्वरी जी की उपस्थिति में ध्वज प्रणाम, शस्त्र पूजा एवं संघ संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार, भारत माता तथा द्वितीय सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर के चित्रों पर पुष्प अर्पण के साथ हुई।
इस अवसर पर क्षेत्र प्रचारक प्रमुख ने बौद्धिक सत्र के माध्यम से डॉक्टर हेडगेवार के प्रेरणादायी व्यक्तित्व तथा संघ की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
स्वयंसेवकों के संचलन में घोष की धुनों के साथ “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। रास्ते भर क्षेत्रीय विधायक प्रतिनिधि व भाजपा नेता विश्राम सिंह, विभिन्न समाजसेवियों एवं व्यापारियों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए थाना अध्यक्ष सुखपुरा सुशील कुमार दुबे एवं चौकी इंचार्ज सूरज कुमार मद्धेशिया के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से निर्भय उपाध्याय, गुड्डू यादव, बसंत सिंह, अशोक सिंह, चुनचुन सिंह, नितेश सिंह, राकेश महाजन, अभिषेक उपाध्याय, रंजन ठाकुर, शुभंकर गुप्ता, शंकर दानी वर्मा सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।



0 Comments