भारी बारिश और तेज हवा से हादसा, भवन में पड़ी दरारें

 

प्रसव केंद्र पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचीं प्रसुताएं
भारी बारिश और तेज हवा से हादसा, भवन में पड़ी दरारें


सुखपुरा (बलिया)। शुक्रवार की देर रात तेज हवा और भारी बारिश के बीच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेरूआरबारी के प्रसव केंद्र पर एक बड़ा हादसा टल गया। वन विभाग प्रांगण में स्थित एक विशाल पेड़ अचानक रात लगभग दो बजे प्रसव केंद्र की छत पर गिर गया। पेड़ के गिरने से भवन की दीवारों और छत में बड़ी दरारें पड़ गईं, जो धीरे-धीरे बढ़ती जा रही हैं।

हादसे के समय केंद्र पर कई प्रसुताएं भर्ती थीं। अचानक गिरे पेड़ से मची अफरातफरी के बीच स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी प्रसुताओं को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने वन विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। इस संबंध में बेरूआरबारी मनियर रेंज के रेंजर विभूति नारायण ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग से नहीं मिली, बल्कि मीडिया के माध्यम से मिली है। उनका कहना था कि पेड़ अस्पताल के भीतर गिरा है, इसलिए प्राथमिक सूचना स्वास्थ्य विभाग से आनी चाहिए थी।

हालांकि, रेंजर ने बताया कि उन्होंने एक घंटे पहले ही अपने स्टाफ को मौके पर भेजा है। समाचार लिखे जाने तक वन विभाग का एक कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच चुका था और उसने बताया कि पेड़ को हटवाने के लिए मजदूरों को बुला लिया गया है। जल्द ही पेड़ हटाकर मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments