भव्य कलश जल शोभायात्रा

रेवती में शिव पंचायतन प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ हेतु निकला भव्य कलश जल शोभा यात्रा जुलूस, उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का जनसैलाब

बलिया

रेवती नगर में शिव पंचायतन प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ की पावन शुरुआत एक भव्य एवं अलौकिक कलश जल शोभा यात्रा से हुई, जिसमें नगरवासियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। कन्हई बाबा स्मृति संस्थान से आरम्भ हुआ यह विशाल जुलूस नगर की प्रमुख गलियों और मंदिरों से होता हुआ बस स्टैंड तक पहुँचा, जहाँ से श्रद्धालु विभिन्न वाहनों के माध्यम से गंगातट के लिए रवाना हुए।

यात्रा मार्ग में बड़ा गढ़ शिव मंदिर, बिचला गढ़ संकटमोचन मंदिर, मुख्य बाजार सहित नगर के प्रमुख स्थलों पर भक्तों ने पुष्पवर्षा एवं जल छिड़काव कर जुलूस का स्वागत किया। मंगलध्वनि, ढोल-नगाड़े, शंखनाद और भजन-कीर्तन के साथ वातावरण भक्तिमय बन गया। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएँ सिर पर कलश लिए कतारबद्ध होकर चल रही थीं, वहीं पुरुष श्रद्धालु जयकारों से आकाश गुंजायमान कर रहे थे।

इस भव्य शोभायात्रा में यज्ञाचार्य के साथ-साथ नगर के कई गणमान्य लोग भी सम्मिलित हुए। चेयरमैन प्रतिनिधि कनक पाण्डेय, डॉ. शशिकांत तिवारी, माण्डलू सिंह, मुकेश पाण्डेय, सभासद भोला ओझा, राजेश गुप्ता, संतोष तिवारी, राजेश तिवारी, जीतेन्द्र पाण्डेय 'सुधु बाबा', हरि तिवारी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही।

पूरे नगर में धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बन गया, जहाँ आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयोजन समिति ने बताया कि महायज्ञ का आयोजन कई दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रवचन, भंडारा, रुद्राभिषेक और विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

रेवतीवासियों के लिए यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत बना, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी लेकर आया

Post a Comment

0 Comments