कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का भी विशेष महत्व
कार्तिक पूर्णिमा --देव दीपावली
प्रतापगढ़
कार्तिक मास का हिंदू धर्म में बड़ा महत्व है। कार्तिक मास में पूरे महीने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। कार्तिक मास का समापन पूर्णिमा के साथ होता है। हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का बेहद खास महत्व होता है। इस दिन लोग पवित्र नदियों में स्नान करके पुण्य अर्जित करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का भी विशेष महत्व है। इस दिन दीप दान करने से देवताओं का आशीर्वाद मिलता है। इस दिन भगवान लक्ष्मी नारायण की पूजा को बहुत शुभ माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा को "देव दीपावली" भी कहा जाता है। मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था। कहा जाता है कि इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर राक्षस का वध किया था।
कार्तिक मास में तुलसी की पूजा को बहुत अधिक महत्व दिया जाता है। विशेष रूप से कार्तिक पूर्णिमा के दिन तुलसी की पूजा करना सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। शाम के वक्त तुलसी के पेड़ के नीचे घी का दीपक जलाएं और माता तुलसी को श्रृंगार का सामान भेंट करें। पौराणिक कथा के अनुसार कहा जाता है कि तुलसी को कृष्ण से अगाध प्रेम था जिन्हें राधा ने पौधा होने का श्राप दिया था। जिस घर में तुलसी का पौधा होता है
वह स्थान देवस्थल बन जाता है। देव उठानी एकादशी के दिन तुलसी शालिग्राम का विवाह भी किया जाता है। जो कि पूरे भारतवर्ष में धूमधाम से मनाया जाता है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान दीपदान तथा विष्णु भगवान की पूजा करने से जीवन में सुख शांति समृद्धि आती है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरु नानक का जन्मदिन भी मनाया जाता है। कार्तिक पूर्णिमा को मनाई जाने वाली "देव दीपावली" हिंदू परंपरा में आध्यात्मिक और ज्योतिषीय महत्व रखती है। इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा 15 /16 नवंबर शुक्रवार/शनिवार को मनाई गयी
शिक्षिका साहित्यकार लेखिका
लालगंज प्रतापगढ़
0 Comments