अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी का चाकू से गला रेता
कोटा राजस्थान
राजस्थान के कोटा से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी का चाकू से गला रेत दिया। फिर मौत को गले लगा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना प्रेम नगर इलाके की है। जहां के रहने वाले युवक ने अपनी पत्नी की हत्या उस समय की, जब उसकी 5 और 7 साल की बेटियां घर पर सो रहीं थी।
पत्नी की हत्या करने के बाद वह घर से बाहर निकला और ट्रेन के आगे लेटकर खुदकुशी कर ली। बुधवार की सुबह जब बेटियां जगी तो उन्होंने मां का शव पड़ा देखा। इसके बाद बच्चियों ने पास में ही रहने वाले रिश्तेदारों को सूचना दी। कुछ देर बाद पता चला कि इनके पिता ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया। इस मामले पर डीएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था। वह भामाशाह कृषि उपज मंडी में हम्माली का काम करता था। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के मऊ का निवासी था। उसके अन्य परिजन घर के नजदीक दूसरे मकान में रहते हैं। मामले की जांच गहराई से की जा रही है।


0 Comments