पंचदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन

पंचदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन

सुखपुरा (बलिया)।

 ए.एस.एम. कॉन्वेंट स्कूल, सुखपुरा, बलिया में भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश जिला संस्था बलिया के तत्वावधान में आयोजित पंचदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन आज उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सेवा भाव का विकास करना रहा। पूरे प्रशिक्षण काल में बच्चों ने व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से जीवनोपयोगी कौशल सीखे और उन्हें आत्मसात किया।

प्रशिक्षण शिविर में जिला संगठन कमिश्नर (स्काउट) सौरभ कुमार पाण्डेय, जिला संगठन कमिश्नर (गाइड) सरिता तथा ट्रेनिंग काउंसलर आरोही सिंह ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाई। प्रशिक्षकों द्वारा स्काउट प्रार्थना, झंडा गीत, प्रतिज्ञा एवं नियमों की जानकारी के साथ-साथ गांठ-बंधन, प्राथमिक चिकित्सा, सिग्नलिंग, कैम्प फायर, साहसिक एवं शारीरिक प्रदर्शन, स्किल-ओ-रामा, टेंट एवं पुल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। बच्चों ने पूरे मनोयोग से सभी गतिविधियों में भाग लिया और सीखने की उत्सुकता दिखाई।

समापन समारोह के दौरान स्काउट्स व गाइड्स ने लाठी, रस्सी, चादर तथा अन्य परिवेशीय एवं हस्तनिर्मित संसाधनों का प्रयोग कर टेंट, पुल, विभिन्न गैजेट्स और हस्तकौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। शिविर परिसर में फूड प्लाजा भी लगाया गया, जहाँ बच्चों ने अपने कुकिंग कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता और टीमवर्क का संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों ने इन प्रस्तुतियों की सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला स्काउट मास्टर अरविन्द कुमार सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला प्रशिक्षण आयुक्त निर्भय नारायण सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत कुमार पाण्डेय, स्काउट मास्टर एस.पी.एन. तिवारी, अरविन्द श्रीवास्तव, प्रकाश कुमार सिंह, शुशील उपाध्याय (पीटीआई) सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारीगण भी समारोह में मौजूद रहे। अतिथियों ने वनोपसेवन शिविर का निरीक्षण किया तथा कुकिंग कौशल और ड्रिल का मूल्यांकन किया।

विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि अरविन्द कुमार सिंह ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में अनुशासन, ईमानदारी तथा कार्यों को सुनियोजित और समयबद्ध ढंग से करने की आदत विकसित करती है। इससे बच्चे अच्छे नागरिक बनकर देश-प्रेम, माता-पिता के सम्मान और समाज सेवा के लिए प्रतिबद्ध होते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला संगठन कमिश्नर (स्काउट) सौरभ कुमार पाण्डेय ने किया।

Post a Comment

0 Comments