बिना लाइसेंस दुकान पर मुकदमा
होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 32 किलो मिठाई नष्ट, बिना लाइसेंस दुकान पर मुकदमा
होली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को शहर में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान खराब एवं फंगस लगी कुल 32 किलो मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि बिना लाइसेंस संचालित एक मिष्ठान की दुकान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठानों से तीन नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डॉ. वेद प्रकाश मिश्र द्वारा गठित टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कदम चौराहा स्थित हरिओम स्वीट्स पर छापेमारी की। यहां 15 किलो छेना की मिठाई खराब अवस्था में मिली, जिसे तत्काल नष्ट कराया गया। इसी दुकान से खोया का एक नमूना भी जांच हेतु लिया गया।
इसके बाद टीम ने कान्हा जी स्वीट्स से बर्फी का एक नमूना संग्रहित किया। रेलवे स्टेशन के निकट स्थित क्षीर सागर नामक दुकान से रंगीन तरबूज शेप बर्फी का नमूना लिया गया। जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान पर फंगस लगी 5 किलो मिल्क केक और 12 किलो खोया बर्फी बिक्री के लिए रखी मिली। टीम ने इसे भी जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया।
कार्रवाई के क्रम में टीम को पास ही बिना लाइसेंस संचालित संजय गुप्ता की मिष्ठान दुकान मिली। यहां से रंगीन बूंदी का नमूना लिया गया तथा लाइसेंस न होने के कारण संबंधित दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पुरेंद्र यादव एवं सतीश कुमार सिंह भी शामिल रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त डॉ. वेद प्रकाश मिश्र ने कहा कि सभी दुकानदार स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की बिक्री करें। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि मिठाई या अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, रंग, गंध और पैकेजिंग की अवश्य जांच करें तथा संदिग्ध स्थिति में संबंधित विभाग को सूचित करें।
त्योहारों के मद्देनजर खाद्य विभाग की यह कार्रवाई मिलावटखोरों में हड़कंप मचाने वाली रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी नियमित जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।


0 Comments