फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ बेहद रोमांचक

 

फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ बेहद रोमांचक

सुखपुरा (बलिया) : उद्घाटन मुकाबले में झारखंड की दमदार जीत, गोरखपुर को 3-1 से हराया


सुखपुरा स्थित संत यतीनाथ मिनी स्टेडियम में शुक्रवार को आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ बेहद रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। उद्घाटन मैच में झारखंड की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर को 3-1 से पराजित कर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया। मैच के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और स्टेडियम तालियों व नारों से गूंजता रहा।


मैच की शुरुआत से ही झारखंड की टीम आक्रामक मूड में नजर आई। पहले हाफ के 30वें मिनट में झारखंड के खिलाड़ी सूर्या ने शानदार मूव बनाते हुए गोल दागा और अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद झारखंड ने दबाव बनाए रखा। पहले हाफ के 35वें मिनट में सना ने एक और बेहतरीन गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। झारखंड की तेज पासिंग और मजबूत डिफेंस के सामने गोरखपुर की टीम संघर्ष करती दिखाई दी।

दूसरे हाफ में गोरखपुर ने वापसी की कोशिश की। दूसरे हाफ के 15वें मिनट में गोरखपुर के आशीष ने अवसर का लाभ उठाते हुए एक गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इस गोल से मैच में कुछ देर के लिए रोमांच बढ़ गया और दर्शकों को कड़ा मुकाबला देखने की उम्मीद जगी। हालांकि झारखंड की टीम ने संयम और रणनीति के साथ खेलते हुए गोरखपुर की वापसी की कोशिशों को नाकाम कर दिया।

दूसरे हाफ के 25वें मिनट में झारखंड के सना ने अपना दूसरा व्यक्तिगत गोल दागते हुए टीम की बढ़त 3-1 कर दी। इसके बाद झारखंड ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और अंत तक गोरखपुर को कोई और मौका नहीं दिया। निर्धारित समय की समाप्ति पर झारखंड ने 3-1 से जीत दर्ज कर उद्घाटन मुकाबले में शानदार संदेश दिया।

मैच का संचालन रेफरी अमल कुंवर, अजीत सिंह और राजू राय ने किया, जबकि अजय सिंह और मोबिन अहमद ने गोल जज की भूमिका निभाई। मैच की रोचक कमेंट्री राणा सिंह मटेलू और अमित कनौजिया द्वारा की गई।

इससे पूर्व मैच के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फीता काटते हुए टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भोला सिंह, आयोजक उमेश सिंह, ग्राम प्रधान अभिमन्यु चौहान, विजय शंकर सिंह, आकाश सिंह, संगम यादव, सैफ अली, अमित यादव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Post a Comment

0 Comments